न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर की भालूमाडा पुलिस ने शुक्रवार को अंधे कत्ल का खुलासा किया हैं। जहां एक बेटे ने जमीन में हिस्सा न देने और शराब पीकर घूमने पर मां की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंधे पर उठाकर तालाब के पास ठिकाने लगा दिया। 

यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर युवती से दरिंदगी, गांव से लेकर किराए के कमरों में बनाए संबंध, फिर मंगेतर को दिखाई अश्लील तस्वीरें

थाना प्रभारी डी.एस. बागरी ने बताया कि 17 मार्च को बरबसपुर खेत में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो डुग्गी तालाब के पास लाश मिली जिसकी पहचान 50 वर्षीय नंसी बाई यादव के रुप में हुई। मौके पर मृतिका के बेटे बब्बी यादव की शिकायत पर जीरो पर मर्ग कायम कर पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पीएम में गले में रस्सी या साड़ी के फंदे से दबने की वजह से सांस रुकना पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

मां के शराब पीकर घूमने से नाराज हुआ बेटा

मामले की जांच के लिए एसपी मोती-उर-रहमान के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सूत्रों से मिली जानकारी पर पुलिस ने मृतिका के बड़े बेटे हरिश्चन्द्र उर्फ बियानू यादव को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह उसकी मां को रोज शराब पीने और इधर-उधर घूमने से मना करता था लेकिन वह नहीं मानती थी। 

यह भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 15 करोड़ की मांगी फिरौती, इंदौर में कारोबारी को जान से मारने की दी धमकी, जांच में जुटी पुलिस

जमीन बंटवारा न करने पर उतारा मौत के घाट

साथ ही जमीन के कागजात रखने, हिस्सा नहीं देने और बेचने से मना करने पर वह बौखला गया था। 16 मार्च की रात जब महिला घर में शराब के नशे में सो रही थी, तभी बेटे ने उसी की पहनी साड़ी से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोप से बचने के लिए लाश को रात में ही कंधे पर उठा कर घर से दूर डुग्गी तालाब के पास खेत में ले गया और ठिकाने लगा दिया। 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के सबूत इकट्ठे किए। जिसके बाद उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m