नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके बेटे ने की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था, जहां मां द्वारा शराब पीने को लेकर डांटने पर वह आक्रोशित हो गया और डंडे से पीट-पीटकर मां की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मासूम बेटी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है।

घर में खून से लथपथ मिली थी महिला की लाश

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी मेरीना लकड़ा (70 वर्ष) अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं मृतिका की नातिन अगोस्टिना लकड़ा (10 वर्ष) भी सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भेजा गया। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ धरमजयगढ़ थाना में धारा 103(1) एवं 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

narayana

मां की हत्या का आरोपी ने स्वीकार किया अपराध

विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी संदीप लकड़ा (37 वर्ष) ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़कियां और दो लड़के हैं। उसकी बेटी क्रिटीवा का एक्सीडेंट में पैर टूट गया था, जिसके इलाज के लिए उसकी पत्नी, बेटी अगस्टीना लकड़ा, छोटा बेटा मनजीत लकड़ा और बेटी सेरेस्टिना 11 मई को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ गए थे और वहीं रुककर इलाज करा रहे थे।

शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम

आरोपी ने बताया कि 14 मई को वह मेडिकल कॉलेज रायगढ़ से आयुष्मान कार्ड, खाना बनाने के बर्तन और कंबल लेने के लिए बेटी अगस्टीना के साथ बस से धरमजयगढ़ आया था। गांव पहुंचने के बाद वह लगातार शराब पी रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां मेरीना लकड़ा ने उसे शराब पीने से मना किया और डांटते हुए कहा कि वह नशे में घूम रहा है। इससे नाराज होकर वह घर से निकलकर बस्ती की ओर चला गया और दोबारा शराब पीकर घर लौटा। इसके बाद आक्रोश में आकर उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां के सिर और कान के नीचे ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इसी दौरान बेटी अगस्टीना बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की नीयत से सिर पर हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे घर चली गई। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त किया गया। आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H