सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित शारदा मंदिर में चोर तीन ताले तोड़कर लड्डू गोपाल की पीतल की बड़ी मूर्ति, चांदी की बांसुरी और अन्य धातु की वस्तुएं ले गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी है.

सोनभद्र. जिले के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित शारदा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है. चोर मंदिर के तीन ताले तोड़कर राधा-कृष्ण दरबार से लड्डू गोपाल की पीतल की बड़ी मूर्ति, चांदी की बांसुरी और अन्य धातुओं से बनी कीमती वस्तुएं ले गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

सीसीटीवी फुटेज की जांच

चोरी की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

मंदिर परिसर का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति चेहरा छिपाकर परिसर में प्रवेश करता और वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है.

पुलिस जुटा रही जानकारी

ओबरा थाना प्रभारी पुण्य प्रसून श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी मंदिर में किस रास्ते से दाखिल हुए, चोरी में कितने लोग शामिल थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए.

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी चोरी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक सप्ताह के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले विजयदशमी के दिन एक बंद मकान में चोरी हुई थी, जहां से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब कर दी गई थी.

शारदा मंदिर में हुई वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे पर स्थित मंदिर में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है.