शब्बीर अहमद, भोपाल/इंदौर। कांग्रेस संगठन ने इंदौर नगर निगम में बड़ा बदलाव करते हुए सोनिला मिमरोट को नया नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी पहले कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के पास थी, जो नेता प्रतिपक्ष के साथ-साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल रहे थे।

पार्टी संगठन ने अब चिंटू चौकसे से नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी वापस लेते हुए यह पद सोनिला मिमरोट को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी के निर्देश पर की है। सोनिला मिमरोट अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से आती हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन के सामाजिक संतुलन और स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस के इस फैसले को इंदौर की नगर राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, चिंटू चौकसे अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर अधिक फोकस करेंगे। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m