सोनीपत, 30 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपडा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर निगम व एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण को हटवाने का कार्य करे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो शहर के कच्चे क्वाटर, मामा-भांजा चौक, गांधी चौक व अन्य सभी भीड़-भाड वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटवाना सुनिश्चित करें।

लघु सचिवालय में गुरूवार को अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान 26 एजेंडा बिंदूओं पर अधिकारियो के साथ विस्तार से चर्चा हुई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सीआरपीएफ कैंप के प्रवेश द्वार के बाहर जलभराव की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने बताया कि सड़क दुरूस्त कर दी गई। अब किसी भी तरह की जलभराव की समस्या नही है।

अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने नगर निगम के अधिकारियो को निर्देश दिए कि माहाराणा प्रताप चौक से मामा-भांजा चौक के बीच व बस अड्डा के पिछले द्वार के साथ बनाए गए डम्पिंग पांइट को हटवाना सुनिश्चित करें। एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्गो पर जलभराव न हो और जहाॅ भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहाॅ 24 घंटे के लिए टीम बनाकर निगरानी की जाए। आमजन को किसी भी तरह की समस्या न हो। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही पर एसडीएम सुभाष चंद्र को जांच करके पांच दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने एमसी व एनएचएआई के अधिकारियों को ड्रेनों की निरंतर साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने झरोठ टोल पर गलत दिशा मे वाहनों की गतिविधि को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों को साइन बोर्ड, बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एमसी के अधिकारियों को शहर में सडकों के साथ लगे बैरिकेडिंग को ठीक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एमसी व पीडब्ल्यूडी को जिला में सड़को के समीप लगे विज्ञापन पोल्स को तुरंत प्रभाव से हटवाने के निर्देश दिए। बहालगढ़ रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर एसएमडीए, नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को सयुक्त रूप से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जून माह के दौरान पुलिस द्वारा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस दौरान ओवर स्पीड के 1,807, बिना हेलमेट के 541, बिना सीट बेल्ट के 336, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने के 7, शराब पीकर वाहन चलाने के 23, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के 5, गलत दिशा में वाहन चलाने के 777 तथा ब्लैक फिल्म लगाने के 133 चालान किए गए। इसी प्रकार आरटीए विभाग द्वारा जून माह में 212 चालान किए गए।

बैठक के दौरान एडीसी के द्वारा सडक निर्माण से संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए कि जिला में सडकों पर रात के समय लाइट जलती रहनी चाहिए। उन्होंने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कएमपी टोल पर सभी लाइने 24 घंटे चलती रहनी चाहिए, जाम न लगे। बैठक के दौरान म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की भी समीक्षा की गई व संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतें लंबित न हो, समाधान जल्द से जल्द किया जाए।

एडीसी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों को बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षित स्कूल वाहन पोलिसी के तहत सभी एसडीएम को प्रत्येक सप्ताह स्कूल बसों को चैक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा व सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करे। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन , एसीपी राजदीप मोर, जीएम रोडवेज संजय कुमार, एमवीओ सचिन ढुल व अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।