सोनीपत. नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सोनीपत ने बुधवार को मिनी सचिवालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रों की मांगों पर संवैधानिक हस्तक्षेप की अपील की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से उठा रहे छात्र-छात्राओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा परीक्षा और भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई।
शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल दीवान ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही छात्राओं के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
पूर्व विधायक जगबीर मलिक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने सरकार से पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि छात्रों के समर्थन में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के साथ पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि केंद्र सरकार को छात्रों की मांगों पर सकारात्मक और त्वरित निर्णय लेने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की और सरकार से युवाओं के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
- टीम इंडिया में मौका नहीं मिला तो इंग्लैंड पहुंच गए कुलदीप यादव, अब काउंटी क्रिकेट में दिखाएंगे अपनी फिरकी का जादू, सचिन-युवराज के खास क्लब में हुए शामिल
- प्रशांत किशोर का बीजेपी पर हमला, सब आपका है, तो आयोग क्यों जा रहे?
- विवाहिता ने जहर खाकर दी जान: इलाज के दौरान तोड़ा दम, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
- पेंशन बहाली के नाम पर 13.60 लाख की ठगी, बैंक खाता बेचने वाला आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार
- UP में 81.4 फीसदी पहुंचा टीकाकरण कवरेज, बनेगा ‘वैक्सीन कॉन्फिडेंस चैंपियंस नेटवर्क’


