सोनीपत। हरियाणा की सोनीपत जेल में मर्डर केस में बंद एक 28 वर्षीय हवालाती (अंडरट्रायल) युवक ने जेल के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गोहाना क्षेत्र के गांव खंदराई निवासी विनोद के रूप में हुई है, जो जुलाई 2026 से जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों व परिजनों को सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मृतक के भाई प्रदीप के अनुसार, विनोद ने जेल के बाथरूम के वेंटिलेशन में कपड़े से रस्सी बनाई और फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की जानकारी जेल प्रशासन ने परिजनों को गांव के सरपंच के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही परिजन सोनीपत जेल पहुंचे। विनोद की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके पीछे पत्नी व दो बच्चे हैं, जबकि उसके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच और पोस्टमार्टम

घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

2026 के हत्या मामले में बंद था आरोपी

परिजनों ने बताया कि विनोद पर दो मुकदमे दर्ज थे। पहला मामला 2021 में लड़ाई-झगड़े का था, जबकि दूसरा मामला जून 2026 में दर्ज हुआ मर्डर केस था। इसी मर्डर केस में गिरफ्तारी के बाद जुलाई 2026 में उसे सोनीपत जेल भेजा गया था।

फास्ट फूड दुकान पर विवाद और मंदिर के पास हमला

यह मामला 29 जून 2026 को गांव खंदराई निवासी प्रवीण की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत के मुताबिक, करीब दो साल पहले आदित्य नाम के युवक ने प्रवीण पर अपनी बहन से छेड़खानी का केस दर्ज कराया था। प्रवीण के ताऊ का लड़का विनोद, आदित्य के परिवार के साथ रहता था। घटना से दो-तीन दिन पहले खंदराई मोड़ पर स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर विनोद और दूसरे पक्ष के बीच हाथापाई हुई थी।

आरोप है कि 29 जून की सुबह करीब 6 बजे जब प्रवीण अपने भाई सोमबीर के साथ मंदिर के पास गया, तो वहां विनोद अपने साथियों (मोहित, आदित्य, सन्नी, अक्षय, विक्रम, सोनू और सुरेंद्र के लड़के) के साथ हथियारों से लैस होकर मौजूद था। विनोद ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से सोमबीर के सिर पर वार किया, जबकि आदित्य ने गंडासे से हमला किया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विनोद को जेल भेजा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m