सोनीपत। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सोनीपत पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS, ADGP) के निर्देश पर तैयार की गई इस योजना के तहत कांवड़ यात्रा मार्गों पर आवश्यकतानुसार वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाएगा और जाम की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता रविन्द्र सिंह ने बताया कि गढ़ मिर्कपुर (NH-334B) से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) तक कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। यदि किसी भी स्थान पर जाम या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित होता है तो संबंधित थाना प्रभारी तत्काल रूट डायवर्जन लागू करेंगे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बहालगढ़ चौक पर जाम की स्थिति में बदले जाएंगे रूट
पानीपत से दिल्ली जाने वाले वाहनों को कुराड़ बाईपास, गोहाना रोड, सोनीपत बाईपास, गांव बड़वासनी और डबल नहर मार्ग से दिल्ली भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली से पानीपत जाने वाले वाहनों को बीसवां मील चौक, बरोटा चौकी, गढ़ी बिंदरौली, रोहट, ककरोई, महलाना और बड़वासनी होकर निकाला जाएगा।
NH-334B और सेक्टर-27 क्षेत्र में भी रहेगा डायवर्जन
राष्ट्रीय राजमार्ग-334B, राठधना और सेक्टर-27 क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने पर वाहनों को राठधना, दीवान फार्म, सेक्टर-7 होते हुए जीटी रोड (NH-44) की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष वैकल्पिक मार्ग
बहालगढ़ चौक पर जाम लगने की स्थिति में गढ़ मिर्कपुर बॉर्डर से आने वाले कांवड़ यात्रियों को खेवड़ा फ्लाईओवर, पलड़ी, कुमासपुर, बड़ौली, बसौदी, नांदनौर, मुरथल, दिपालपुर मोड़, चौहान जोशी और अन्य वैकल्पिक मार्गों से सुरक्षित तरीके से सोनीपत शहर की ओर भेजा जाएगा।
पुलिस ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री, पोस्टर और बैनर लगाने पर रोक रहेगी। यात्रा मार्ग पर मांस और मछली की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाएगा। प्रमुख मार्गों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
कांवड़ शिविर संचालकों को शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, श्रद्धालुओं का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करने के लिए रजिस्टर रखने तथा वाहनों की अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा डीजे या तेज आवाज में संगीत बजाने, ट्रैक्टर या जुगाड़ वाहनों पर कांवड़ ले जाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, साइलेंसर हटाकर वाहन चलाने और हथियार लेकर चलने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
सोनीपत पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों से पहचान पत्र साथ रखने और संबंधित थाना क्षेत्र में पंजीकरण कराने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
- Weather Update: एमपी में नए वेदर सिस्टम सक्रिय, ग्वालियर-चंबल से लेकर जबलपुर तक आंधी-तूफान और गरज-चमक के आसार
- Morning News Brief: ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश; INDIA गठबंधन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन फिलहाल स्थगित किया
- CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज!
- MP Morning News: आज नवरात्रि का चौथा दिन, लाडली बहनों के खातों में आएंगे 1500 रुपए, सीएम के कई कार्यक्रम, रेवेन्यू कलेक्शन बढ़ा, राष्ट्रीय पोषण माह में एमपी तीसरे स्थान पर
- UP WEATHER TODAY : मानसून पर लगा ब्रेक, आज शुष्क रहेगा मौसम, तापमान में गिरावट शुरू

