सोनीपत। त्योहारों के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो युवकों को दुकानदारों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना शहर के मिशन चौक की है, जहां चोरी की कोशिश करते पकड़े गए दोनों युवकों की लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को संबंधित थाने के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग बाजारों में दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोपी दुकानों के बाहर रखे घी-तेल के टीन, सामान से भरे कार्टून और चीनी के कट्टे आदि को मौका मिलते ही ई-रिक्शा में डालकर फरार हो जाते थे। कई वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं। इसके बाद दुकानदारों ने अपने स्तर पर निगरानी शुरू कर दी थी।
मिशन चौक स्थित दुकानदार नवीन गर्ग ने बताया कि त्योहारों के कारण बाजार में लगातार भीड़ बनी हुई है। इसी का फायदा उठाकर चोर दुकानों के बाहर रखे सामान को निशाना बना रहे थे। कभी दुकानदारों का सामान गायब हो जाता था तो कभी ग्राहक द्वारा खरीदा गया सामान दुकान के बाहर रिक्शा में रखने के दौरान चोरी कर लिया जाता था। कई बार टेंपो से सामान उतारकर भी आरोपी फरार हो चुके हैं।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरू की निगरानी
सत्यनारायण जय भगवान की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि पहले भी दुकान के बाहर रखा सामान ई-रिक्शा में डालकर चोरी किया जा चुका था। सामान की गिनती करने पर पेटियां और अन्य वस्तुएं कम मिलती थीं, जिसके बाद उन्हें चोरी होने का संदेह हुआ। इसके बाद दुकानदारों ने निगरानी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि मिशन चौक पर जैसे ही कुछ युवक दुकान के बाहर रखा सामान उठाकर ई-रिक्शा में डालने लगे, दुकानदारों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गिरोह में तीन युवक शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो सामान उठाकर ले जाने का काम करते थे।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किया गया सामान सस्ते दामों पर बाजार में बेचने की फिराक में रहते थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह में शामिल बाकी लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- Bharti Airtel Market Cap: एयरटेल ने जियो को पछाड़ा, बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी; टॉप-5 की लिस्ट देखिए
- SIP Investment Diwali 2026: रोज 100 रुपए बचाकर बन सकते हैं लखपति, जानिए कैसे जुटेगा 15 लाख का फंड ?
- सोनीपत में दिनदहाड़े चोरी करते दो युवक पकड़े, दुकानदारों ने जमकर की धुनाई; ई-रिक्शा से उड़ाते थे सामान
- Jharkhand News: जामताड़ा में कोयला गैसीकरण के ट्रायल से मचा हड़कंप, चापाकल और बोरिंग से अपने आप निकलने लगा पानी, प्रशासन ने रुकवाया काम
- जालंधर के रिहायशी इलाके में घुसा जंगली सांभर, लोगों में मची अफरा-तफरी; जान बचाकर भागे लोग

