सोनीपत। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ की ओर से शनिवार को सोनीपत के यू-38, ओल्ड महावीर कॉलोनी, पुरखास रोड, निकट एच.पी. पेट्रोल पंप पर शुरू किए गए अत्याधुनिक आधार सेवा केन्द्र का नगर निगम मेयर राजीव जैन ने बतौर मुख्यातिथि शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आधार सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न आधार सेवाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं नागरिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से केन्द्र की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत यह आधार सेवा केन्द्र सोनीपत के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। इससे आधार से जुड़े सभी कार्य अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से स्थानीय स्तर पर ही संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और यूआईडीएआई की प्राथमिकता है तथा इस केन्द्र के माध्यम से लोगों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर यूआईडीएआई के निदेशक कर्नल हरमीत सिंह कपूर ने बताया कि नया आधार सेवा केन्द्र सप्ताह के सातों दिन आमजन के लिए खुला रहेगा। केन्द्र का समय प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। नागरिकों की सुविधा के लिए केन्द्र में आधुनिक टोकन सिस्टम, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित सेवा प्रबंधन किया गया है, जिससे लोगों को बिना किसी परेशानी के आधार संबंधी सेवाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने बताया कि इस आधार सेवा केन्द्र के शुरू होने से सोनीपत सहित आसपास के जिलों के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले आधार से जुड़े जटिल मामलों के समाधान के लिए लोगों को चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

कर्नल कपूर ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को घर जाकर भी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा दिव्यांग नागरिकों की सुविधा के लिए केन्द्र में व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है तथा नवजात शिशुओं का आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। आधार सेवा केन्द्र में प्रशिक्षित एवं अनुभवी कर्मचारियों की टीम नियुक्त की गई है, जो नागरिकों को सभी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। आधार सेवाओं के लिए यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये तथा बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जबकि अन्य सेवाओं के लिए भी यूआईडीएआई की निर्धारित शुल्क सूची के अनुसार ही शुल्क लिया जाएगा।
इस अवसर पर रिजनल मैनेजर रजनीश मेहता, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ से विनोद कुमार, आधार सेवा केन्द्र का स्टाफ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- ‘राम मंदिर के नाम पर जुटाया गया पैसा कहां गया?’ कुमारी शैलजा ने उठाए सवाल, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
- भिलाई PG हत्याकांड का खुलासा : एकतरफा प्यार में युवती की हत्या, आरोपी बलौदाबाजार से गिरफ्तार
- टैटू से हुई पहचान, हाईवे हादसे में युवक की मौत
- बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार के बदलाव पर घमासान, संजय सरावगी का विपक्ष पर पलटवार
- सोनीपत में आधुनिक आधार सेवा केन्द्र शुरू, अब सातों दिन मिलेंगी सभी प्रमुख आधार सेवाएं

