सोनीपत। किसी ने सच ही कहा है कि प्यार अंधा होता है, प्यार में इंसान किसी भी हद तक जा सकता है फिर चाहे अपना प्यार पाने के लिए किसी की जान ही क्यों ना लेनी पड़ जाए। ऐसा ही एक मामला सोनीपत में सामने आया है जहां प्यार में पागल एक बेटी ने रास्ते में रोडा बनी अपनी मां को ऐसे हटाया कि पुलिस भी हैरान रह गई।

मामला सोनीपत के सेक्टर 15 का है, रामेश्वरी अपनी बेटी जाह्नवी के साथ किराए के मकान में रहती थी, जाह्नवी इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी और इंस्टाग्राम के जरिए ही उसकी विकास नाम के युवक के साथ दोस्ती हुई, दोस्ती धीरे धीरे इतनी गहरी हो गई कि दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया, उनके इस फैसले में रामेश्वरी सबसे बड़ा रोडा थी, क्योंकि रामेश्वरी को ये रिश्ता पसंद नहीं था।

मां की नाराजगी और शादी के फैसले में आ रही रुकावट के बीच मामला इतना बढ़ गया कि रामेश्वरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में इसे करंट लगने से हुई मौत बताया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के सामने एक ऐसी सच्चाई उजागर की, जिसने पूरे मामले को हत्या की दिशा में मोड़ दिया। रिपोर्ट में रामेश्वरी की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी की भूमिका की जांच शुरू कर दी।

मामला 3 अक्टूबर का है। बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर से पुलिस को रामेश्वरी की मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला की मौत बिजली का करंट लगने से हुई थी। घटना के समय उसकी बेटी जाह्नवी और जाह्नवी का दोस्त विकास भी मौके पर मौजूद थे। उस समय मौत को हादसा माना जा रहा था, लेकिन बाद में सामने आए तथ्यों ने पुलिस को नए सिरे से जांच करने पर मजबूर कर दिया।

4 अक्टूबर को सेक्टर-27 थाना पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद 5 अक्टूबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रामेश्वरी की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि गला दबाने के कारण हुई थी। इस जानकारी के सामने आते ही पुलिस ने मामले को हत्या मानकर जांच शुरू कर दी और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए मृतका की बेटी और उसके दोस्त पर ध्यान केंद्रित किया।

पुलिस के अनुसार, रामेश्वरी अपनी इकलौती बेटी जाह्नवी के साथ सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित किराए के मकान में रहती थी। जाह्नवी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान गांव मुकीमपुर निवासी विकास से हुई थी। बताया जा रहा है कि विकास डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है। सोशल मीडिया से शुरू हुई दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई और दोनों ने एक साथ रहने का फैसला कर लिया था।

हालांकि, जाह्नवी की मां रामेश्वरी इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थी। मां की असहमति के चलते दोनों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, इसी विरोध को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोप है कि जाह्नवी ने अपने प्रेमी विकास के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान विकास ने रामेश्वरी की हत्या में अपनी और जाह्नवी की संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद हत्या को बिजली का करंट लगने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई, ताकि किसी को शक न हो और मामला हादसा प्रतीत हो।

फिलहाल पुलिस ने विकास को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि हत्या की पूरी साजिश, वारदात में दोनों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। वहीं, इस मामले में आरोपी बेटी जाह्नवी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.