सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल थाना क्षेत्र में शराब के ठेके पर लूट और सेल्समैन पर जानलेवा हमला करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 22 वर्षीय आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹3,900 बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल चोरी की थी।
मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि रविवार को आरोपी शराब के ठेके पर पहुंचा और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब सेल्समैन ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी करीब 15 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन का बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हसनपुर निवासी 22 वर्षीय आशीष के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसके पास से लूटी गई रकम में से ₹3,900 बरामद किए गए। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि वारदात में खर्च की गई रकम और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात में जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया, वह 20 जुलाई को मुरथल थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। आरोपी उसी चोरी की बाइक पर शराब के ठेके तक पहुंचा था। घटना के बाद वह बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच में एक मामला दर्ज है, जबकि पानीपत के इसराना थाना में भी लूट का केस लंबित है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दसवीं तक पढ़ा है और उसकी उम्र 22 वर्ष है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक वारदातों और उसके नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। इसी आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
- पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज का प्रधान आरक्षक निकला करोड़पति: लोकायुक्त ने एक साथ 15 ठिकानों पर मारा छापा, 6 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा
- 10 हजार करोड़ के निवेश से बदलेगी बिहार की तस्वीर! CM सम्राट ने किया CtrlS डेटा सेंटर का उद्घाटन
- पुष्पा स्टाइल में गांजा तस्करी: शहडोल में ट्रक की तलाशी लेते ही उड़े पुलिस के होश, 1.13 करोड़ का माल जब्त
- सिर्फ कागजों पर विकास नहीं चलेगा! खुद सड़कों पर उतरेंगे धामी, अफसरों की बढ़ेगी जवाबदेही
- Breaking News: नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा का हत्यारा पकड़ा गया, राजस्थान से पुलिस ने किया गिरफ्तार

