हरियाणा के सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट ने खरखौदा कोर्ट के बाहर हुए नीरज उर्फ कातिया हत्याकांड के तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है।
संजीव घनगस, सोनीपत। जिले में पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खरखौदा कोर्ट के बाहर हुए गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया हत्याकांड के तीन फरार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ मुरथल थाना क्षेत्र के गांव रेवली के पास देर रात हुई। इस जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल
एंटी गैंगस्टर यूनिट को सूचना मिली थी कि खरखौदा कोर्ट हत्याकांड के फरार आरोपी मुरथल क्षेत्र में छिपे हुए हैं। वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नवनीत उर्फ साहिल, सोहन उर्फ काकू और साहिल उर्फ बाउ घायल हो गए।
पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी झज्जर जिले के गांव दुबलधन के रहने वाले हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने 9 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि 16 मई को गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की खरखौदा कोर्ट के बाहर सफेद ब्रेजा कार से आए युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड साल 2009 की पुरानी रंजिश का परिणाम था। नीरज उर्फ कातिया ने नवनीत उर्फ साहिल के चाचा की हत्या की थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस पूरे सफल ऑपरेशन में पीएसआई विवेक, एएसआई विक्रांत, सब इंस्पेक्टर मनजीत सहित एंटी गैंगस्टर यूनिट और एएनसी टीम के कई पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई है।

