संजीव, सोनीपत। पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS) के निर्देशानुसार जिले में नशे के विरुद्ध और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मोहाना प्रभारी निरीक्षक मोहन के नेतृत्व में गांव पिनाना के खेल मैदान में खो-खो खिलाड़ियों के बीच एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस टीम ने खेल मैदान में अभ्यास कर रहे युवाओं और खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
खिलाड़ियों को नशे की लत से दूर रहकर अपने खेल कौशल और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि वे समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें।
बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पुलिस ने खिलाड़ियों को जागरूक किया कि वे कभी भी अपनी निजी जानकारी या अनजान लिंक साझा न करें और किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
थाना प्रभारी ने युवाओं को अनुशासन और कानून का पालन करने का संदेश देते हुए कहा कि युवा वर्ग का सही दिशा में मार्गदर्शन राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है।
सोनीपत पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि समाज को अपराध मुक्त बनाया जा सके।

