दिल्ली: नरेला इलाके में गुरुवार सुबह सोनीपत के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वारदात बांकनेर इलाके में एक जिम के बाहर हुई, जहां हमलावरों ने प्रमोद कुमार पर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक प्रमोद कुमार (42) सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र के गांव नाहरी के रहने वाले थे और मुकुल प्रॉपर्टी के नाम से प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे जिम करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के बाहर पहुंचे, बदमाशों ने उन पर अचानक गोलियां चला दीं।

पहले से मिल रही थी धमकी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रमोद कुमार को पिछले कुछ दिनों से रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। उनसे मोटी रकम की मांग किए जाने की भी बात सामने आई है। जान का खतरा देखते हुए वह नरेला में रहने वाले अपने दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी का इस्तेमाल करने लगे थे। इसके बावजूद हमलावरों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और जिम के बाहर वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

गोलीबारी की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।

शव लेकर धरने पर बैठा भाई

हत्या की सूचना मिलने के बाद प्रमोद के परिजन और परिचित मौके पर पहुंच गए। परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। मृतक का भाई शव लेकर धरने पर बैठ गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगा। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। रंगदारी की धमकी और आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m