सोनीपत। हरियाणा के राई औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कूलर निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।आग लगने की सूचना मिलते ही पास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

प्रशासन भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।फायर ब्रिगेड इंचार्ज राजेश के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि गांव झुण्डपुर के पास स्थित शीतल एयर कूलर फैक्ट्री नंबर 999 में आग लगी है।

दमकल कर्मियों ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद प्लास्टिक, तार और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से भयंकर रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं के कारण आसपास का पूरा इलाका प्रभावित हो गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुंडली, राई, गन्नौर, गोहाना और सोनीपत समेत कई फायर स्टेशनों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल टीमें कई घंटों से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं।

आग की घटना के चलते आसपास के औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में डर का माहौल है। लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और सुरक्षित दूरी बना ली। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

दमकल विभाग के अधिकारी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हैं। उनका कहना है कि जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।