सोनीपत: नेशनल हाईवे-44 पर स्थित पॉश TDI एस्पानिया सोसाइटी के एक फ्लैट में चल रहे कथित भ्रूण लिंग जांच के गोरखधंधे का स्वास्थ्य विभाग ने भंडाफोड़ किया है। PNDT अधिकारियों की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छापा मारा और दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। टीम ने वहां से दो अवैध अल्ट्रासाउंड मशीनों के साथ प्रतिबंधित दवाइयां और इंजेक्शन भी बरामद किए हैं।

बेटे की चाहत का झांसा, 40 हजार में बताया ‘लड़का’

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने गोहाना क्षेत्र की एक गर्भवती महिला को बेटे की चाहत का झांसा देकर TDI एस्पानिया के फ्लैट नंबर 101 में बुलाया था। वहां मुख्य आरोपी संदीप ने महिला का अल्ट्रासाउंड किया और उसके गर्भ में लड़का होने की बात कही। इसके बदले महिला से 40 हजार रुपये लिए जाने का आरोप है।
गुप्त सूचना के आधार पर PNDT अधिकारी डॉ. दीपक कौशिक और डॉ. योगेश दहिया की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

किराए के फ्लैट में छिपाकर रखी थीं दो अवैध मशीनें

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी संदीप, निवासी गांव जागसी, सोनीपत और उसका साथी भूपेंद्र, निवासी गांव पुरखास, कथित तौर पर लंबे समय से इस अवैध धंधे से जुड़े हुए थे।

आरोप है कि संदीप ने TDI एस्पानिया में फ्लैट किराए पर लिया हुआ था और इसी जगह को अवैध गतिविधि के लिए इस्तेमाल कर रहा था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उसने दिल्ली से करीब 2 लाख रुपये में दो अवैध अल्ट्रासाउंड मशीनें खरीदी थीं।

छापेमारी के दौरान फ्लैट से मशीनों के अलावा प्रतिबंधित दवाइयां और इंजेक्शन भी मिले हैं। बरामद सामान को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के हवाले आरोपी और बरामद सामान

कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों के साथ बरामद अल्ट्रासाउंड मशीनों, दवाइयों और अन्य सामान को बहालगढ़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में PC-PNDT एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्वास्थ्य विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे और किराए के फ्लैट में यह अवैध गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी। जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित गोरखधंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m