संजीव, सोनीपत. विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को लेकर मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान एसआईआर कार्यक्रम को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों की ट्रेनिंग 05 जून से 10 जून तक करवाना सुनिश्चित करें तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत संबंधित प्रमाण-पत्र निर्वाचन कार्यालय में भिजवाना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

उन्होंने सभी ईआरओ को अपने स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सभी ईआरओ को अपने कार्यालयों में कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदाताओं की समस्याओं एवं शंकाओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों में अभी तक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति कर उसकी एक प्रति संबंधित ईआरओ एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। इस दौरान मतदाताओं का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण तथा आवश्यक संशोधन कार्य किए जाएंगे। एडीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सभी बीएलओ को निर्देशित करें कि एसआईआर कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए व अपने-अपने संस्थानों में एसआईआर कार्यक्रम के संबंध में विभिन्न स्वीप गतिविधियों व प्रतियोगिताओं का आयोजन करें।

अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी एवं निजी अस्पतालों में मरीजों के कार्ड पर एसआईआर कार्यक्रम शुरू होने की तिथि एवं हाउस टू हाउस सर्वे की तिथि की मोहर लगवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आशा वर्करों के माध्यम से महिलाओं को इस अभियान के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में चौकीदारों के माध्यम से एसआईआर कार्यक्रम से संबंधित मुनादी करवाई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक जानकारी पहुंच सके। वहीं जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए गए कि पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों पर एसआईआर कार्यक्रम एवं विशेष तिथियों से संबंधित बैनर लगाए जाएं तथा गैस सिलेंडर की रसीदों पर हाउस टू हाउस सर्वे से संबंधित मोहर लगवाना सुनिश्चित किया जाए।

इसके अतिरिक्त सचिव रेडक्रॉस को निर्देश दिए गए कि प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान एसआईआर की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाए। जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि खेल स्टेडियमों में आने वाले खिलाड़ियों को भी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक किया जाए।



उन्होंने एसआईआर कार्यक्रम की आगामी समय-सारिणी की भी जानकारी देते हुए बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक गणना अवधि चलेगी, जबकि 14 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा। प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सूचना चरण, जिसमें जारी करना, सुनवाई एवं सत्यापन शामिल है, 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।



अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों एवं राजनीतिक दलों से समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन, तहसीलदार कीर्ति, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज व प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, कांग्रेस से अशोक शर्मा व अनिल कुमार, बीएसपी से डीआर मलिक, इनेलो से जिला अध्यक्ष कुनाल गहलावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।