संजीव, सोनीपत। शंभू दयाल शिक्षा सदन स्थित शिव मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण के साथ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में हर-हर महादेव और जय सोमनाथ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा के आगमन के साथ हुआ। इसके उपरांत उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लगाई गई सोमनाथ स्वाभिमान पर्व प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने कलश यात्रा को रवाना किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा शहर शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने भगवान शिव, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

जय सोमनाथ और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं बल्कि भारत की आत्मा, स्वाभिमान और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई विदेशी आक्रांताओं ने सोमनाथ को तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन भारत की आस्था और आत्मबल को कभी समाप्त नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि आज से लगभग एक हजार वर्ष पूर्व जब सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर हमला किया गया था, तब आक्रांताओं को लगा था कि वे भारत की आत्मा को खंडित कर देंगे, लेकिन सोमनाथ हर बार पहले से अधिक भव्य रूप में खड़ा हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वीर भूमि ने भी सदियों तक भारत की संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था, जो भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बना। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत पर गर्व करते हुए आगे बढ़ रहा है। काशी कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर और सोमनाथ के विकास कार्य इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण के उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि अब देश में सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता और सम्मान की नई लहर चल रही है तथा देश की जनता अपनी जड़ों और परंपराओं के साथ मजबूती से जुड़ रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र गौरव को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन भी प्रसारित किया गया। इसके उपरांत सोमनाथ मंदिर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ देखा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जय सोमनाथ और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ सनातन संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान आयोजित ड्रॉइंग व रंगोली प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अभी प्रतिभा से सभी को अपनी और आकर्षित किया। कार्यक्रम के अंत में राज्यसभा सांसद ने रंगोली व ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
इस मौके पर एसएमडीए की एडिशनल सीईओ वीना हुड्डा, शुगर मिल सोनीपत की एमडी डॉ अनमोल, डीआईपीआरओ राकेश गौतम, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, शम्भु दयाल मॉडर्न स्कूल के प्रधान प्रदीप सिंह गौतम, कोषाध्यक्ष सतपाल जैन, महासचिव राजकुमार चौहान, वरिष्ठ सदस्य अशोक शर्मा, प्राचार्य सौरभ शर्मा, प्रवीण वर्मा, मोहन सिंह मनोचा, पूर्व प्राचार्य जगदीश चंद्र शर्मा तथा रविन्द्र सरोहा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
- पश्चिम बंगाल जीत में सरकारी मशीनरी का कोई दुरूपयोग नही किया गया : डा. कृष्ण मिड्ढा
- मसाले के डिब्बों पर जम गई है चिकनाई, इन आसान घरेलू उपायों से मिनटों में करें साफ …
- ठेले में गुपचुप खाने के बाद 25 लोग हुए फूड पॉइजनिंग के शिकार, गंभीर मरीजों का अस्पताल में चल रहा इलाज
- जनगणना के बहाने ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन
- अमित शाह के दौरे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का बयान, कहा- छत्तीसगढ़ के विकास की भूमिका होगी तय

