सोनीपत। दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पुनिया के नेतृत्व में विभाग की टीम ने सोनीपत में जीटी रोड सहित कई प्रमुख मिठाई दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मावे की बर्फी, मिल्क केक और खोया समेत विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों से आधा दर्जन से अधिक सैंपल एकत्र किए। सभी सैंपलों को सील कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा दुकानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के लाइसेंस और मिठाइयों की एक्सपायरी डेट की भी जांच की गई। टीम ने मुरथल स्थित बीकानेरी स्वीट्स पर भी छापेमारी कर मिठाइयों के सैंपल लिए।

सैंपल फेल होने पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पुनिया ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट से संबंधित शिकायतों की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।

उन्होंने बताया कि मावे से बनी मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। यदि जांच रिपोर्ट में सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना लगाने और लाइसेंस के संबंध में कार्रवाई जैसे कदम शामिल हो सकते हैं।

दिवाली तक जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से जीटी रोड क्षेत्र के मिठाई दुकानदारों में हलचल देखने को मिली। विभाग के अनुसार, दिवाली तक मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान जारी रहेगा।

अधिकारी ने लोगों से अपील की कि दिवाली पर मिठाई खरीदते समय बिल जरूर लें और साफ-सफाई का ध्यान रखने वाली दुकानों से ही खरीदारी करें। साथ ही मिठाइयों की गुणवत्ता और पैकिंग पर भी ध्यान दें। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सैंपलों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।