हरियाणा के सोनीपत स्थित टीडीआई सिटी में देर रात एक सिरफिरे ने लोहे की रॉड से हमला कर पति-पत्नी सहित तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात का मुख्य कारण अवैध संबंधों को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
संजीव घनगस, सोनीपत। कुंडली स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में देर रात ट्रिपल मर्डर की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे हमलावर ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे फ्लैट्स परिसर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग पूरी तरह सहम गए। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और एफएसएल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की वैज्ञानिक जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में सामने आया कि पड़ोसियों ने आरोपी के अवैध संबंधों को लेकर टोका था, जिसके बाद यह हिंसक झगड़ा हुआ और उसने हमला कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। आरोपी की पहचान ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झज्जर जिले के जसोर खेड़ी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों और पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ब्रह्मप्रकाश को पूर्व में दिल्ली पुलिस की सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 11:30 बजे टीडीआई सिटी कुंडली के बीपीएल फ्लैट्स में अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ब्रह्मप्रकाश ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि फ्लैट नंबर 1426 में रहने वाला ब्रह्मप्रकाश किसी महिला के साथ अवैध संबंध में था, जिसको लेकर पड़ोसियों को गहरा ऐतराज था। पहले भी इस रोका-टोकी के कारण कई बार झगड़े हो चुके थे। इसी बात को लेकर देर रात भी कहासुनी हुई और गुस्साए आरोपी ने अन्य फ्लैट निवासियों पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में विजय (50) और उनकी पत्नी सुनीता (47) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मूल रूप से सोनीपत के कोर्ट मोहल्ला निवासी थे और फिलहाल टीडीआई सिटी के फ्लैट नंबर एल-1299, फर्स्ट फ्लोर में रह रहे थे। वहीं तीसरी मृतका की पहचान 32 वर्षीय स्वाति के रूप में हुई है, जिसकी शादी वीरेंद्र के साथ हुई थी। स्वाति गांव बड़ौली की रहने वाली थी और हाल में टीडीआई के बीपीएल फ्लैट नंबर 1431 की दूसरी मंजिल पर रह रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के दौरान आरोपी ब्रह्मप्रकाश ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से महिलाओं पर हमला किया और फिर बीच-बचाव करने आए विजय को निशाना बनाया। हमला इतना बेरहम था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पूरे फ्लैट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का व्यवहार काफी आक्रामक था और इलाके में उसका अक्सर विवाद चलता रहता था।
पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है। एक साथ तीन हत्याओं की इस भयानक घटना के बाद टीडीआई सिटी और आसपास के पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात से लेकर सुबह तक पुलिस बल मौके पर जांच में जुटा रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी कानूनी और सामाजिक पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को दबोचकर पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

