जाफराबाद भटाना गांव में वारदात, सुबह जागने पर परिवार को हुई चोरी की जानकारी; पुलिस ने जांच शुरू की
सोनीपत, 15 सितंबर। सोनीपत जिले में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के साथ-साथ अब गांवों में भी चोर मकानों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला गांव जाफराबाद भटाना से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोर एक मकान में घुसकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये है।
सुबह उठने पर चला चोरी का पता
परिवार के सदस्य रोजाना की तरह रात को खाना खाने के बाद घर में सो गए थे। सुबह जब उनकी नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिवार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित ने जताई नशीली पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका
पीड़ित रिंकू ने बताया कि रात में परिवार घर के अंदर सो रहा था। सुबह उठने के बाद चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने वारदात से पहले किसी नशीली या बेहोशी वाली चीज का इस्तेमाल किया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीण ने दो संदिग्ध युवकों को देखने का दावा किया
वारदात के संबंध में गांव के ग्रामीण रणवीर ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। रणवीर के मुताबिक, रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच उनकी आंख खुली थी। इस दौरान उन्होंने दो युवकों को खेतों की तरफ जाते देखा। उन्होंने दोनों युवकों को आवाज भी लगाई, लेकिन आवाज सुनते ही वे तेजी से वहां से निकल गए। अब पुलिस इस जानकारी को भी जांच के दौरान ध्यान में रख रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुई नकदी और आभूषण बरामद कराने की मांग की है।



