सोनीपत: सोनीपत की एक सरकारी यूनिवर्सिटी में छात्राओं के विरोध प्रदर्शन से मामला गरमा गया। छात्राओं ने एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर आपत्तिजनक व्यवहार और यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि लंबे समय से कथित तौर पर उनके साथ असहज व्यवहार किया जा रहा था, जिसके विरोध में उन्हें धरने पर बैठना पड़ा।
छात्राओं के अनुसार, प्रोफेसर पर क्लास और चैंबर में गलत तरीके से छूने की कोशिश करने के आरोप हैं। इसके साथ ही छात्राओं के कपड़ों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और रात के समय निजी संदेश भेजने की शिकायत भी सामने आई है। छात्राओं का दावा है कि विरोध जताने के बावजूद कथित व्यवहार पर रोक नहीं लगी।
इसके बाद छात्राओं ने समूह में कैंपस में प्रदर्शन शुरू कर दिया। पोस्टर और बैनर लेकर छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने साफ कहा कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मामले की जानकारी मिलने पर यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत की। प्रशासन ने शिकायत की जांच आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के माध्यम से कराने का भरोसा दिलाया है। पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया है।
फिलहाल छात्राओं की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

