Sonipat Vehicle Impound : सोनीपत। जिले में परिवहन नियमों और प्रदूषण नियंत्रण के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ पुलिस और आरटीए विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अक्टूबर 2026 के दौरान दोनों विभागों ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 375 वाहनों को इम्पाउंड किया। वहीं, पुराने और अनुपयोगी 14 वाहनों को स्क्रैप किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव सुभाष चन्द्र ने बताया कि 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जिले में वाहन नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।

पुराने वाहनों को लेकर जारी किए 5,414 नोटिस और परामर्श
सुभाष चन्द्र ने बताया कि 31 अक्टूबर तक बीएस-I, बीएस-II और बीएस-III श्रेणी के वाहन मालिकों को कुल 1,094 नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, बीएस-IV श्रेणी के वाहन मालिकों को 4,320 परामर्श सूचनाएं भेजी गई हैं।
वाहन मालिकों को परिवर्तन योजना और इससे जुड़े पोर्टल की जानकारी देने के लिए जिले में 31 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पुराने वाहनों के नियमों और स्क्रैपिंग प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया।
चार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, 9 वाहनों के पास PUC नहीं
अक्टूबर माह में जिले के चार ईंधन स्टेशनों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान जांच में नौ वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUCC) नहीं मिला।

जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की वैधता समय पर जांच लें। परिवहन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन करें। परिवर्तन योजना और वाहन स्क्रैपिंग की प्रक्रिया की जानकारी के लिए आरटीए कार्यालय, सोनीपत से संपर्क किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

