Business Desk – Sotefin IPO Listing : शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच Sotefin Bharat IPO ने निवेशकों को पहले ही दिन शानदार रिटर्न दिया है. ऑटोमेटेड कार पार्किंग सिस्टम बनाने वाली कंपनी सोटेफिन भारत के शेयर शुक्रवार को BSE SME प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए. कंपनी का IPO 187 रुपए प्रति शेयर के भाव पर आया था, जबकि इसकी बाजार में एंट्री 205 रुपए पर हुई. यानी लिस्टिंग के साथ ही निवेशकों को करीब 9.63 फीसदी का फायदा मिला.

लिस्टिंग के बाद भी शेयरों में खरीदारी का माहौल बना रहा. कुछ ही देर में स्टॉक 215.25 रुपए के अपर सर्किट पर पहुंच गया. इस स्तर पर IPO में निवेश करने वालों का मुनाफा बढ़कर 15.11 फीसदी हो गया. ऐसे समय में जब बाजार दबाव में कारोबार कर रहा है, सोटेफिन भारत की मजबूत लिस्टिंग निवेशकों के लिए राहत भरी खबर रही.

IPO को मिला था अच्छा रिस्पॉन्स

सोटेफिन भारत का 90 करोड़ रुपए का IPO 16 जुलाई से 20 जुलाई तक खुला था. निवेशकों ने इस इश्यू में अच्छी दिलचस्पी दिखाई और यह कुल 3.99 गुना सब्सक्राइब हुआ. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.82 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 6.05 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 3.78 गुना भरा था. कंपनी ने IPO के तहत 10 रुपए फेस वैल्यू वाले 48 लाख नए शेयर जारी किए हैं.

जुटाई गई रकम का कहां होगा इस्तेमाल?

IPO से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार के विस्तार में करेगी. कंपनी के मुताबिक, करीब 20.13 करोड़ रुपए कोलकाता में नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने पर खर्च किए जाएंगे.

वहीं 8.17 करोड़ रुपए नए ऑफिस परिसर की जरूरतों पर लगाए जाएंगे. इसके अलावा 40 करोड़ रुपए वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में खर्च होंगे, जबकि बची हुई राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.

क्या करती है Sotefin Bharat?

सोटेफिन भारत मैकेनाइज्ड और ऑटोमेटेड पार्किंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली कंपनी है. कंपनी के पोर्टफोलियो में फुली ऑटोमेटेड रोबोटिक पार्किंग सिस्टम, पजल पार्किंग सिस्टम, टावर पार्किंग सिस्टम और स्टैक पार्किंग सिस्टम शामिल हैं. इसके साथ ही कंपनी ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) और आफ्टर-सेल्स सर्विस भी देती है.

मार्च 2026 तक कंपनी 55 प्रोजेक्ट पूरे कर चुकी थी. फिलहाल भारत के कई शहरों के अलावा अमेरिका और दुबई में भी इसके 30 से अधिक प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. बढ़ते शहरीकरण और पार्किंग की समस्या को देखते हुए कंपनी इस सेक्टर में तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है.

कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी है?

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. इस दौरान उसका शुद्ध मुनाफा 66 फीसदी बढ़कर 17.37 करोड़ रुपए हो गया. वहीं कंपनी की कुल आय 44 फीसदी से अधिक बढ़कर 118.23 करोड़ रुपए पर पहुंच गई.

मार्च 2026 के अंत तक कंपनी पर 24.01 करोड़ रुपए का कुल कर्ज था, जबकि उसके रिजर्व और सरप्लस 70.57 करोड़ रुपए रहे. मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार विस्तार की योजना और बेहतर ऑर्डर बुक के दम पर कंपनी ने लिस्टिंग के पहले ही दिन निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज कराई.