राजनांदगांव। आगामी पंचायत चुनाव, पर्व-त्योहारों और संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, विजिबल पुलिसिंग, त्वरित रिस्पांस और पुलिस अनुशासन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
केस स्टडी के जरिए दी व्यावहारिक समझाइश
एसपी अंकिता शर्मा ने पूर्व में घटित संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत करते हुए थाना प्रभारियों एवं फील्ड अधिकारियों को कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों के पूर्वानुमान, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी पुलिस रिस्पांस के बारे में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव, संवेदनशील क्षेत्र, भीड़भाड़ वाले स्थान, सोशल मीडिया गतिविधियों और संभावित चुनौतियों की गहन समीक्षा कर विस्तृत सुरक्षा रणनीति तैयार की गई।


क्विक रिस्पांस टीम की कार्यप्रणाली की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक ने जिले में गठित “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की समीक्षा करते हुए बताया कि टीम को लगभग एक माह पहले गठित किया गया था। यह टीम पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में हमेशा रेडी मोड में तैनात रहती है और किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति में शहर क्षेत्र में 10 से 15 मिनट के भीतर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।
थाना प्रभारियों को दिए गए ये अहम निर्देश
एसपी अंकिता शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने, जरूरतमंद लोगों की संवेदनशीलता के साथ सहायता करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव और पर्व-त्योहारों के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से लगातार संवाद बनाए रखने की बात कही।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने और समय-समय पर अधिकृत जानकारी जारी कर अफवाहों का खंडन करने को कहा गया।
रात्रि गश्त और मॉक ड्रिल पर जोर
एसपी अंकिता शर्मा ने रात्रि गश्त मजबूत करने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस उपस्थिति बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने और नियमित अभ्यास करने की रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक के अंत में एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

