मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. लोहिया भवन गुलाबबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय पर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा का PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित हुआ. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल शामिल हुए. सम्मेलन में अयोध्या मंडल के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में व्यापारी वर्ग ने हिस्सा लिया और समाजवादी पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताया.

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मनीष जगन अग्रवाल ने अयोध्या की धरती से 2027 के विधानसभा चुनाव की हुंकार भरी और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का व्यापारी वर्ग भारी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़ रहा है. पीड़ित और दुखी व्यापारी शनिवार पूरी ताकत के साथ सपा के साथ खड़ा है और आने वाले समय में व्यापारी ही सपा सरकार बनाने में सबसे बड़ा योगदान देंगे. व्यापारियों के साथ हुए अन्याय पर भी प्रतिक्रिया, उन्होंने ऐलान किया, “मेरठ हो, वाराणसी हो या अयोध्या, चाहे किसी भी शहर में व्यापारियों के साथ अन्याय हुआ हो, हम उन्हें चिह्नित करके सभी व्यापारियों से मुलाकात करेंगे. उनकी समस्या को सुनेंगे, समझेंगे और उसका निदान करेंगे. सपा सरकार बनने पर पीड़ित व्यापारियों को उचित मुआवजा दिया जाएगा और उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा.”

इसे भी पढ़ें : ‘प्रकाश-स्तंभ’ नहीं रहा : राम गोविंद चौधरी के निधन पर अखिलेश भावुक, बोले- समाजवादी मूल्यों की मशाल सदैव प्रज्ज्वलित रखी

भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान राम के मंदिर को भी लूट लिया, तो व्यापारियों को क्या छोड़ेगी. उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सरकार आने वाली है. भगवान राम के आशीर्वाद से हमारी सरकार बनने वाली है और भाजपा की सरकार जाने वाली है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हक, अधिकार, सम्मान और उत्थान के लिए सपा प्रतिबद्ध है. सपा सरकार बनने पर सभी को उचित मुआवजा मिलेगा. अयोध्या समेत पूरे उत्तर प्रदेश का व्यापारी आज समाजवादी पार्टी के साथ है.

भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वेद प्रकाश गुप्ता पहले समाजवादी पार्टी में ही थे, अब वो भाजपा चोर पार्टी में चले गए हैं और उसी प्रकार की बातें कर रहे हैं.अंत में उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सिर्फ और सिर्फ PDA की सपा सरकार बनेगी.