लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टर वॉर तेज हो गया है. शुक्रवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगी एक नई होर्डिंग राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई. होर्डिंग में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीरें लगाई गई हैं. पोस्टर पर बड़े अक्षरों में “सनातन ही समाजवाद है” लिखा गया है.

इसके साथ ही पोस्टर में लिखा है, “अधर्मियों और चंदाखोरों का करेंगे विनाश, गौभक्तों और गोहत्याओं का करेंगे सर्वनाश. कर्मयोगी अखिलेश जी 27 में आएंगे, गौमाता और प्रदेश को बचाएंगे”. यह होर्डिंग सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है. इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की बदली हुई राजनीतिक रणनीति और सनातन से जुड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें : कहीं ये भी तो ‘रोटियां’ सेंकने नहीं पहुंच गए? स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पास पहुंचे अखिलेश, गौ माता को लेकर कही ये बात

यह पोस्टर सपा समर्थक सोमिल सिंह की तरफ से लगवाई गई है. हालांकि इस होर्डिंग को लेकर पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

बता दें कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और अखिलेश यादव को लेकर आम लोगों में चर्चाएं आम हो चली हैं. दोनों की बातचीत और मुलाकातें अक्सर सुर्खियों में आ जाती है. गुरुवार को ही अखिलेश ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य जी प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर इटावा, मैनपुरी सहित पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा कर चुके हैं और गौमाता की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य इस दिशा में समाधान तलाश रहे हैं ताकि किसी भी तरह गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान मिल सके. उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिस पर व्यापक चर्चा और ठोस पहल की आवश्यकता है.