दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए हाल ही में तीन घंटे का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 11,800 से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए। अभियान के दौरान पुलिस का मुख्य फोकस गलत पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर रहा, क्योंकि ये दोनों ही वजहें अक्सर सड़क हादसों और जाम का कारण बनती हैं।

जारी आंकड़ों के मुताबिक, 8,500 से ज्यादा लोगों पर गलत पार्किंग के लिए जुर्माना लगाया गया, 3,500 से अधिक चालकों के खिलाफ गलत दिशा में वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई पुलिस का कहना है कि इस तरह के सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और सड़कों पर सुरक्षा बेहतर हो सके।

महज 3 घंटे में 11,800 से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया गया। महज तीन घंटे के इस सघन ड्राइव के दौरान 11,800 से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान शनिवार को सभी ट्रैफिक रेंज और जिलों में एक साथ चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना और सड़कों पर सुरक्षा को मजबूत करना था।

इस दौरान पुलिस ने खास तौर पर दो प्रमुख कारणों पर फोकस किया गलत पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाना। ये दोनों ही वजहें दिल्ली में अक्सर जाम और सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं, इसलिए इनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, 8,500 से अधिक वाहन चालकों पर गलत या ट्रैफिक में बाधा डालने वाली पार्किंग के लिए केस दर्ज किए गए। जांच टीमों ने खासतौर पर नो-पार्किंग जोन, चौराहों के आसपास, फुटपाथों पर और व्यस्त सड़कों व बाजारों में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। इस दौरान कई वाहनों को टो करके हटाया भी गया, ताकि यातायात बाधित न हो। इसके अलावा, 3,500 से अधिक वाहन चालकों पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने के लिए कार्रवाई की गई। इस अभियान के लिए पुलिस ने दुर्घटना संभावित इलाकों, प्रमुख सड़कों और उन स्थानों पर विशेष टीमें तैनात कीं, जहां ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन अक्सर देखा जाता है।

आगे भी चलेगा अभियान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस विशेष अभियान में दोपहिया, चारपहिया और वाणिज्यिक सभी प्रकार के वाहनों पर कार्रवाई की गई। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) विजयांता गोयल आर्य ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन न सिर्फ यातायात की सुगमता को प्रभावित करता है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गलत पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी लापरवाही सड़क हादसों और जाम की बड़ी वजह बनती है, इसलिए इन पर सख्ती जरूरी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m