दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान उन पात्र लोगों को वोटर लिस्ट से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिन्हें सामान्य प्रक्रिया में आवेदन करने में परेशानी होती है। बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों के लिए 23 और 24 सितंबर को दिल्ली के 13 जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक होंगे कैंप

ये विशेष कैंप शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक चलेंगे। शिविर डूसिब (DUSIB) के रैन बसेरों और अन्य चिन्हित स्थानों पर लगाए जाएंगे। यहां बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे, जो पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया में सहायता करेंगे।

दस्तावेजों की कमी बड़ी चुनौती

बेघर लोगों के लिए स्थायी पता और पारिवारिक रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराना अक्सर बड़ी चुनौती बनता है। वहीं पहचान और पते के प्रमाण की कमी के कारण सत्यापन प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। विशेष शिविरों का उद्देश्य ऐसे लोगों तक सीधे पहुंच बनाकर उन्हें आवेदन और जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी देना है।

ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों तक पहुंचेंगे NGO

ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों को शिविरों की जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए संबंधित क्षेत्रों में काम करने वाले गैर-सरकारी संगठनों (NGO) की मदद ली जाएगी। जरूरत के अनुसार लोगों को फॉर्म भरने और दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया समझाई जाएगी।

30 सितंबर तक Form-6 से कर सकेंगे आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, किसी क्षेत्र का पात्र सामान्य निवासी है तो उसका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकता है। पात्र लोगों को 30 सितंबर तक Form-6 के जरिए नाम जुड़वाने का दावा करने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन के साथ फिजिकल फॉर्म भी स्वीकार किए जाएंगे।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 97.53 लाख मतदाता

31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में दिल्ली में 97,53,577 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 49,88,993 पुरुष, 47,64,137 महिलाएं और 447 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि 4 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

विशेष वर्गों के लिए कैंप के अलावा 20 और 27 सितंबर को दिल्ली के सभी मतदान केंद्रों पर सामान्य विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनका समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m