सतीश सिंह, लखनऊ. रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों तक पहुंचने में बसों की कमी आड़े न आए, इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 6 दिन का विशेष ऑपरेशन तैयार किया है. 26 से 31 अगस्त तक प्रदेश में अधिकतम बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं. खास फोकस पूर्वी उत्तर प्रदेश के रूटों पर रहेगा, जहां त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है.
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन से पहले और बाद बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए. उन्होंने बसों और बस स्टेशनों पर सफाई, पेयजल, रोशनी और पंखों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें : शिक्षक भी बेहतर होंगे और शिक्षा भीः किताब ही नहीं, ‘क्लास की तैयारी’ भी आसान करेगी योगी सरकार, 75 जिलों के शिक्षकों के लिए ‘मास्टप्लान’ तैयार
दिल्ली से पूर्वांचल तक बढ़ेगी बसों की कनेक्टिविटी
परिवहन निगम ने दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए कई रूटों पर मौजूदा संचालन प्रतिबंधों में जरूरत के अनुसार ढील देने का फैसला किया है. दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वांचल और दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी यूपी जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी. पूर्वी यूपी से पश्चिमी क्षेत्रों की ओर भी यदि यात्रियों का लोड 60 प्रतिशत से ज्यादा रहता है तो अतिरिक्त बसें चलाने की अनुमति होगी.
ड्राइवर-कंडक्टर की छुट्टी पर रोक
छह दिवसीय विशेष संचालन के दौरान परिवार में मृत्यु या स्वयं की गंभीर बीमारी जैसी विशेष परिस्थितियों को छोड़कर बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों की छुट्टियां और साप्ताहिक विश्राम स्वीकृत नहीं किए जाएंगे. बसों की लगातार चेकिंग होगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यात्रियों की मांग के मुताबिक हर रूट पर पर्याप्त बसें उपलब्ध रहें. बस क्रू को स्टॉपेज पर यात्रियों को चढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें : नीति आयोग की एबीपी रैंकिंग में गोरखपुर का बजा डंका, बांसगांव ब्लॉक नंबर वन, DM ने CM योगी को दिया श्रेय
1800 किमी चलाने पर चालक-कंडक्टर को 1200
रक्षाबंधन ड्यूटी को प्रोत्साहित करने के लिए परिवहन निगम ने विशेष इंसेंटिव भी घोषित किया है. छह दिनों में दैनिक रूप से ड्यूटी करते हुए 1800 किलोमीटर संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालक को 1200 प्रोत्साहन राशि मिलेगी. संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किमी से ज्यादा संचालन पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किमी अतिरिक्त दिए जाएंगे. तकनीकी कर्मचारियों को 6 दिनों में प्रतिदिन उपस्थित रहने पर 500 एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा. हालांकि चालक-परिचालकों के लिए योजना की पात्रता में सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से और होना जरूरी होगा.
बस अड्डों पर भी रहेगी निगरानी
त्योहार के दौरान बस स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों की लगातार मौजूदगी रहेगी. डिपो और क्षेत्रीय अधिकारी भी यात्री सुविधाओं और बस संचालन की निगरानी करेंगे. चिन्हित बस स्टेशनों पर उत्कृष्ट व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए 90 हजार की राशि स्वीकृत की गई है.


