तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नामलाई ने न तो पार्टी से इस्तीफा दिया है और न ही किसी नई राजनीतिक पार्टी के गठन को लेकर कोई बातचीत की है। पीटीआई के अनुसार, नागेंद्रन ने कहा, “मुझे अन्नामलाई की ओर से कोई इस्तीफा नहीं मिला है। हमारे बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है और नई पार्टी बनाने को लेकर भी कोई चर्चा नहीं हुई है।” अन्नामलाई के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे से जुड़ी खबरें पूरी तरह निराधार और अफवाह मात्र हैं।
दरअसल, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अन्नामलाई की मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, इस बैठक पर बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, जिससे चर्चाओं को और बल मिला। इसी बीच, मदुरै में अन्नामलाई समर्थकों ने पोस्टर लगाकर उनके प्रति समर्थन जताया। कुछ पोस्टरों में उन्हें अभिनेता रजनीकांत और अजित के साथ दर्शाया गया, जिससे राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गईं।
गौरतलब है कि तमिलनाडु में बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन की वापसी और नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से अन्नामलाई की नाराजगी की खबरें सामने आ रही थीं। हालांकि, नागेंद्रन के ताजा बयान ने इन सभी अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

