शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल ‘हमीदिया अस्पताल’ परिसर में आज उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। वारदात के बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने कार में जमकर तोड़फोड़ की और उसे बीच सड़क पर ही पलट दिया। यह पूरा मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है।
हमीदिया अस्पताल का डॉक्टर ही निकला कार चालक
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाली कार को कोई और नहीं बल्कि खुद हमीदिया अस्पताल का ही एक डॉक्टर चला रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, डॉक्टर की कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और सामने आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
अस्पताल परिसर जैसी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाली जगह पर हुए इस हादसे को देख वहाँ मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित लोगों ने तुरंत कार को घेर लिया। भीड़ ने पहले कार के शीशे तोड़े और फिर पूरी गाड़ी को सड़क पर पलट दिया। हंगामे की स्थिति को देखते हुए आरोपी डॉक्टर मौके से बचते हुए सीधे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जाकर भर्ती हो गया।
घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों बाइक सवारों को तुरंत हमीदिया अस्पताल के भीतर ही इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। बुजुर्ग महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और चश्मदीदों की शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

