० इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम; आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव बेरी पाना बैठाण निवासी सुखविंद्र अपनी मां सुनीता के साथ 29 मई को अपनी मौसी के घर गए थे। वहां से वापस जींद से अपने गांव लौटते समय भगवतीपुर गांव के पास जींद-रोहतक रोड (NH-352) पर एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सुनीता की मौत हो गई। हादसे में सुखविंद्र भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
बाइक नंबर के आधार पर शुरू हुई जांच
पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल बाइक की पहचान कर ली गई है और नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

