अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार 58 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान मौके से गुजर रहे मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत अपना काफिला रोका और घायल बुजुर्ग को अपनी पायलट गाड़ी में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि बुजुर्ग को बचाया नहीं जा सका।

मंत्री ने दिखाई इंसानियत की मिसाल

घटना बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड़ा मोड़ के पास हुई। बुधवार शाम उमरिया जिले के चंदिया नगर निवासी परमेश्वर दत्त चतुर्वेदी स्कूटी से जा रहे थे। तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़े। आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

उसी समय उमरिया से कटनी की ओर जा रहे अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क पर पड़े घायल बुजुर्ग को देखते ही मंत्री ने तुरंत काफिला रोकने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस का इंतजार न करते हुए उन्होंने अपनी सुरक्षा पायलट गाड़ी में घायल को बिठाया और तुरंत बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

अस्पताल पहुंचते ही मौत

स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने बुजुर्ग का परीक्षण किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m