SRH vs RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रन से हरा दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में बेंगलुरु की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन ही बना सकी।

ईशान, अभिषेक और क्लासन की तूफानी अर्धशतकीय पारी

सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं ट्रेविस हेड ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए। इसके बाद ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 79 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हेनरिक क्लासेन ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 51 रन जड़े। अंत में नितीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम का स्कोर 255 रन तक पहुंचाया।

बेंगलुरु की ओर से रसिख सलाम डार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या को 1-1 सफलता मिली। हालांकि RCB के लगभग सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए।

बेंगलुरु की पारी

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट कोहली 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 21 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने संघर्ष करते हुए 39 गेंदों में 56 रन बनाए। वहीं क्रुणाल पांड्या ने नाबाद 41 रन और टिम डेविड ने 15 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए। वहीं साकिब हुसैन और ट्रेविस हेड को 1-1 विकेट मिला।

इस हार के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है और टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब क्वालिफायर-1 में RCB का मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) से 26 मई 2026 को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (SRH vs RCB IPL 2026)

सनराइजर्स हैदराबाद(SRH)

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन

इम्पैक्ट प्लेयर: हर्षल पटेल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(RCB)

विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रासिख सलाम डार

इम्पैक्ट प्लेयर: टिम डेविड

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H