SRH vs RR IPL 2026 Eliminator: आईपीएल सीजन 19 के एलिमिनेटर मुकाबले में आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने हैं। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में SRH के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पैट कमिंस ने बताया कि प्रफुल्ल हिंगे की SRH के प्लेइंग 11 में वापसी हुई है। वहीं, राजस्थान के खेमे में रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है। शुभम दुबे को इम्पैक्ट के रूप में रखा गया है।

बता दें कि इस मुकाबले को हारने वाली टीम टूर्नामेंट से एलिमिनेट हो जाएगी। जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। वह मैच भी नॉकआउट होगा, जिसे जीतकर टीम फाइनल में पहुंचेगी। ऐसे में यह मुकाबला बहुत ही ज्यादा दिलचस्प होने वाला है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, प्लेऑफ रिकॉर्ड, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर अब तक आईपीएल के 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं और खास बात यह है कि सभी मैचों का परिणाम निकला है। इनमें 7 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत दर्ज की है, जबकि 8 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है। आंकड़े बताते हैं कि यहां टॉस भी अहम भूमिका निभाता है, क्योंकि 15 में से 10 मैच टॉस जीतने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। ऐसे में इस मुकाबले में भी कप्तानों की नजर टॉस जीतने पर रहेगी।
इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 181 रन है, जो दर्शाता है कि यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। दिलचस्प बात यह है कि दूसरी पारी में भी टीमें बड़े स्कोर आसानी से हासिल कर लेती हैं, यानी रन चेज करना यहां ज्यादा मुश्किल नहीं माना जाता। इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू होने के बाद इस मैदान पर खेले गए मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा साफ नजर आया है।
गेंदबाजों की बात करें तो यहां औसतन 9.31 की इकॉनमी से रन खर्च हुए हैं, जबकि एक विकेट हासिल करने के लिए गेंदबाजों को करीब 27 रन देने पड़े हैं। तेज गेंदबाजों को इस मैदान पर ज्यादा मदद मिलती है और कुल विकेटों में लगभग 65 फीसदी हिस्सेदारी पेसर्स की रही है। वहीं स्पिनरों ने भी करीब 35 फीसदी विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है। ऐसे में दोनों टीमों के गेंदबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है।
हालांकि मुकाबले का असली रोमांच बल्लेबाजों के बीच देखने को मिल सकता है। एक ओर विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा होंगे तो दूसरी तरफ युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर सबकी नजरें रहेंगी। ईशान किशन और ध्रुव जुरेल भी अपने दमदार खेल से मुकाबले को रोचक बना सकते हैं। वहीं ओपनिंग में ट्रैविस हेड और यशस्वी जायसवाल के बीच की टक्कर भी फैंस के लिए खास आकर्षण रहने वाली है।
SRH बनाम RR हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच हेड टू हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो SRH का पलड़ा साफ तौर पर भारी दिखाई देता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें SRH ने 14 मैच जीते हैं, जबकि RR को सिर्फ 9 मुकाबलों में जीत मिली है।
हालिया सीजन में भी SRH ने RR पर अपना दबदबा कायम रखा। IPL 2026 के लीग स्टेज में दोनों टीमें दो बार भिड़ीं और दोनों ही मैचों में SRH ने जीत दर्ज की। 13 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में SRH ने RR को 57 रन से हराया था। उस मैच में ईशान किशन ने शानदार 91 रन की पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
इसके बाद 25 अप्रैल को हुए मुकाबले में भी ईशान किशन का बल्ला जमकर चला और उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 74 रन ठोक दिए। हालांकि RR के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में तूफानी अंदाज में 37 गेंदों पर 103 रन बनाकर सभी को प्रभावित किया, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
13 साल बाद एलिमिनेटर में भिड़ेंगी दोनों टीमें
SRH और RR 13 साल बाद आपस में एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही हैं। इससे पहले 2013 में दोनों टीमों के बीच दिल्ली में एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया था, जिसमें RR ने चार विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, RR की टीम पिछले 6 मुकाबलों से SRH को हराने में नाकाम रही है। RR को SRH के खिलाफ आखिरी जीत 2 अप्रैल 2023 को मिली थी, जब टीम ने SRH को उसके घरेलू मैदान पर 72 रन से हराया था। दोनों टीमों के बीच IPL 2024 के क्वालिफायर-2 में भी अहम मुकाबला खेला गया था, जहां SRH ने राजस्थान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, फाइनल मुकाबले में SRH को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।
प्लेऑफ में किस टीम का रिकॉर्ड बेहतर?
प्लेऑफ इतिहास पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले थोड़ा बेहतर रहा है। SRH ने अब तक 14 प्लेऑफ मैचों में 8 जीत दर्ज की हैं, जबकि राजस्थान को 11 मुकाबलों में सिर्फ 5 जीत मिली है। हैदराबाद की टीम 3 बार फाइनल में पहुंच चुकी है और 2016 में खिताब भी जीत चुकी है। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने 2 बार फाइनल खेला और 2008 में आईपीएल का पहला सीजन अपने नाम किया था।
| राजस्थान रॉयल्स (RR) प्लेऑफ रिकॉर्ड | सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) प्लेऑफ रिकॉर्ड |
|---|---|
| 11 मैच खेले | 14 मैच खेले |
| 5 मैच जीते | 8 मैच जीते |
| 6 मैच हारे | 6 मैच हारे |
| 2 बार फाइनल खेला | 3 बार फाइनल खेला |
| 1 बार चैंपियन बने (2008) | 1 बार चैंपियन बने (2016) |
SRH और RR की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंज
इम्पैक्ट प्लेयर: सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल
राजस्थान रॉयल्स (RR)
अशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा
इम्पैक्ट प्लेयर: शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

