Sri Ganganagar Arms Seizure: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला इलाके में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन से हथियार और विस्फोटक गिराए जाने का मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त कार्रवाई में दो जिगाना पिस्टल, 600 से अधिक कारतूस, विस्फोटक और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए हैं। मामले में पंजाब के रहने वाले दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ANTF के IG विकास कुमार के मुताबिक, एजेंसियां करीब एक महीने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

एक महीने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी ANTF
ANTF के IG विकास कुमार ने मंगलवार को बताया कि उनकी टीम पिछले एक महीने से सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही थी। इसके लिए अन्य जांच एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात ड्रोन की तीन ट्रिप के जरिए रावला क्षेत्र में हथियारों और विस्फोटकों की खेप गिराई गई। इसके बाद ANTF और BSF ने संयुक्त कार्रवाई कर संदिग्ध सामान जब्त किया और दो लोगों को हिरासत में लिया।
विस्फोटक के साथ IED बनाने के उपकरण भी मिले
कार्रवाई के दौरान दो जिगाना पिस्टल, 600 से अधिक कारतूस और बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही IED बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिलने की बात भी सामने आई है। ANTF के IG के मुताबिक, बरामद विस्फोटक की पहचान की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप में किस तरह के विस्फोटक थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पंजाब के दो संदिग्ध हिरासत में, पहचान गोपनीय
मामले में हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्ध पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। ANTF के IG ने बताया कि संदिग्धों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। उनसे पूछताछ के जरिए हथियारों की खेप भेजने और उसे हासिल करने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कहां पहुंचनी थी हथियारों की खेप?
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हथियार और विस्फोटक किसके लिए भेजे गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, ड्रोन के जरिए खेप गिराने वाले नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। ANTF के IG विकास कुमार ने कहा कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से जांच कर रही हैं। उन्होंने पूरे नेटवर्क का जल्द पर्दाफाश करने की उम्मीद जताई।
त्योहारों से पहले हथियारों और विस्फोटकों की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। हालांकि, किसी संभावित आतंकी वारदात की योजना और खेप के अंतिम इस्तेमाल को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

