पिथौरागढ़ की नेपाल सीमा से सटी व्यास घाटी में SSB कैंप की एक बैरक में गुरुवार रात आग लग गई. बुखारी फटने से लगी आग में बैरक का सामान जल गया, लेकिन सभी 60 जवान सुरक्षित रहे.

पिथौरागढ़. जिले में नेपाल सीमा से सटी व्यास घाटी के गर्त्यांग स्थित 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कैंप की एक बैरक में गुरुवार रात आग लग गई. रात करीब 8 बजे हुई इस घटना के समय बैरक में करीब 60 जवान मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.

करीब एक सप्ताह पहले हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात के समय तापमान माइनस में पहुंच रहा था. ठंड से बचने के लिए बैरक में डीजल से चलने वाली बुखारी जलाई गई थी.

बुखारी फटने से आग

बताया गया कि रात करीब 8 बजे बुखारी में अचानक तेज धमाका हुआ और वह फट गई. इसके बाद बैरक में तेजी से आग फैल गई और कुछ ही समय में पूरी बैरक आग की चपेट में आ गई.

आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं. घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

ITBP और ग्रामीण पहुंचे

आग लगने के तुरंत बाद कैंप के जवानों ने उसे बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. आग की लपटें देखकर पास मौजूद ITBP के जवान और स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.

सामूहिक प्रयासों के बाद आग को दूसरी बैरकों तक फैलने से रोक लिया गया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

60 जवान सुरक्षित

इस अग्निकांड में जवानों का राशन, कपड़े और अन्य सामान जल गया. हालांकि किसी जवान को चोट नहीं आई और बैरक में मौजूद सभी 60 जवान सुरक्षित हैं.

धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने 11वीं वाहिनी SSB डीडीहाट के कमांडेंट के हवाले से घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आग बुखारी फटने के कारण लगी थी और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. अधिकारियों के अनुसार, आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है.