मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लेमरू थाना क्षेत्र के सतरेंगा खैरभवना में रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अज्ञात हमलावर ने एक युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई के साथ दशहरा कार्यक्रम देखने पहुंचा था। रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे अचानक लाइट बंद हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने राकेश की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

हमले के बाद युवक खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस आरक्षक ने घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेमरू पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और हमलावर के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H