चंकी बाजपेयी, इंदौर। पूर्व विधायक और बीजेपी नेता आकाश विजयवर्गीय का तीन दिवसीय जन्मदिन उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं को श्री महाकाल के दर्शन कराए गए। मीडिया से चर्चा के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने जहां एक ओर धार्मिक फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग उठाई, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा और अनोखा कटाक्ष भी किया।

नीम करोली बाबा की फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग

मीडिया से चर्चा के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने सरकार से आग्रह किया कि नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म को टैक्स फ्री किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से अच्छे और धार्मिक कार्यों को प्रमोट करती है, इसलिए इस फिल्म को भी कर मुक्त किया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

राहुल गांधी पर कसा तंज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम और राजनीतिक सफर को लेकर उन्होंने चुटकी ली। जब उनसे कार्यक्रम में आमंत्रण को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें कोई आमंत्रण नहीं मिला है और वे वहां जाएंगे भी नहीं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा- “हम तो चाहते हैं कि राहुल गांधी दीर्घायु हों और जब तक जीवित रहें, तब तक कांग्रेस पार्टी के लीडर बने रहें। क्योंकि जब-जब वे कुछ करते हैं, तब-तब भाजपा को अच्छा खासा फायदा होता है।”

मैं राहुल जैसा बिल्कुल नहीं होना चाहता

इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि “जो जिसके पास रहता है, वैसा ही हो जाता है। यदि कोई भगवान की भक्ति करेगा, तो वह भगवान के अंश जैसा हो जाएगा और यदि कोई राहुल गांधी के पास रहेगा, तो वह पूरी तरह से राहुल गांधी ही बन जाएगा। मैं राहुल जैसा बिल्कुल नहीं होना चाहता।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m