Muzaffarpur Fire Incident: मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने से 5 लोगों की दुखद मौत हो गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा अस्पताल की 5वीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से हुई है। इस घटना पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शोक जताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।

दोषियों पर सरकार लेगी कड़ा एक्शन- डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि, यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। किसी भी अस्पताल में इस प्रकार का हादसा होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि, सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है। अस्पताल में आग कैसे लगी? इस मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी इसके पीछे दोषी पाए जाएंगे, सरकार उनके कड़ा एक्शन लेगी।

निशांत ने सोशल मीडिया पर व्यक्त किया दुख

वहीं, इस मामले पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और जदयू नेता निशांत कुमार ने मीडिया के सामने तो कोई बयान नहीं दिया, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने इस घटना पर दुख जरूर प्रकट किया। निशांत कुमार ने एक्स पर लिखा, मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। इस हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

जिला प्रशासन को घायल मरीजों की सुरक्षा एवं उपचार के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। राहत के कार्य युद्धस्तर पर चलाने के आदेश भी दिये गए हैं। इस दुखद घटना की जांच होगी। जिम्मेवारी तय होगी। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करें।

निशांत को जाना चाहिए था मुजफ्फरपुर- राजद

मुजफ्फरपुर अग्निकांड पर आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि, मुजफ्फरपुर प्रसाद हॉस्पिटल में दर्दनाक हादसा हुआ है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुजफ्फरपुर जाना चाहिए था। लेकिन वह मुजफ्फरपुर नहीं जाकर, वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

एजाज अहमद ने कहा कि, मानवीय संवेदना थोड़ी सी भी नहीं बची है। लोग मर रहे हैं और यह लोग संवेदना तक भी व्यक्त नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य मंत्री को मुजफ्फरपुर जाना चाहिए। घायल मरीजों से बात करनी चाहिए। मरीज के परिजनों के इस दुख की घड़ी में उनका साथ देना चाहिए। लेकिन ऐसा होता नहीं दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें- अपने ही बिछाए जाल में फंसे खान सर! पटना पुलिस ने खान कोचिंग के दो सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया