कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/ मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की पोरसा तहसील के नगरा घाट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चंबल नदी के बीच धार में स्टीमर का इंजन अचानक बंद हो गया। स्टीमर में सैंकड़ों यात्री सवार थे जो इंजन बंद होने के बाद तेज बहाव के कारण नदी की धार में बहने लगे। इनमें अधिकांश लोग कांवड़िए थे।

ढाई घंटे तक बहता रहा स्टीमर

बताया जा रहा है कि स्टीमर का डीजल खत्म हो गया था जिसकी वजह से वह बीच नदी में बंद हो गया। वहीं कुछ लोगों ने इसके पीछे की वजह इंजन के पंप का खराब होना बताया है। स्टीमर दो से ढाई घंटे तक बहता रहा और भिंड जिले के कक्षपुरा के घाट पर जाकर लग गया। राहत की बात यह है कि सभी यात्री सकुशल हैं। 

कांवड़ लेकर जा रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार, चंबल नदी में 150 से अधिक यात्रियों को लेकर स्टीमर यूपी के केंजरा घाट पर जा रहा था।  नगरा घाट से कांवड़ लेकर यात्री उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा मंदिर पर गंगाजल चढ़ाने जा रहे थे। यह स्टीमर । जैसे ही स्टीमर नदी की बीच धार में पहुंचा, उसका इंजन बंद हो गया। इसके बाद स्टीमर पर सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्टीमर घाट से दूर होता चला गया। 

मुरैना से लेकर भिंड तक मचा हड़कंप

घाट पर मौजूद लोगों ने स्टीमर को नदी की धार में भिंड जिले के अटेर की ओर बहते देखा तो वहां भी हड़कंप मच गया। पुलिस, प्रशासन व आपदा प्रबंधन की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान सुखद खबर आई कि बहता हुआ स्टीमर भिंड जिले के कक्षपुरा घाट पर जा लगा है, वहां सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

बंद करने के निर्देश के बाद भी संचालन जारी

बारिश के कारण चंबल नदी इस समय उफान पर है और नदी का बहाव भी तेज है। इसी वजह से चंबल नदी के घाटों पर संचालित होने वाले स्टीमर को उत्तर प्रदेश प्रशासन के बाद एसडीएम ने बंद करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नगरा घाट से स्टीमर का संचालन जारी था। अब स्टीमर के बीच नदी में बंद होकर तेज बहाव में बहने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m