सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपये के इनामी आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसे बुधवार देर रात पीजीआई थाना क्षेत्र में किसान पथ ओवरब्रिज के नीचे डलौना के पास से गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और 2200 रुपये नकद बरामद हुए हैं.
एसटीएफ के अनुसार, 27 मई 2026 को लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पहले मुख्य साजिशकर्ता सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव 27 जून को पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद से सचिन फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
इसे भी पढ़ें : योगी’राज’ में न्याय नहीं, लाठी मिलेगी! ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत, महिलाओं और युवाओं को पीटने पर अजय राय ने बोला तीखा हमला
पूछताछ में सचिन ने स्वीकार किया कि घटना के समय वह बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे संजय ने संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं. आरोपी के मुताबिक, हत्या की साजिश दिनेश यादव की संदीप सिंह से पुरानी दुश्मनी के चलते रची गई थी. दिनेश यादव के ड्राइवर मुकर्रबीन ने गंगाराम यादव के जरिए शूटरों से संपर्क कराया और हत्या के लिए एडवांस राशि भी दी गई थी. रैकी के लिए बाइक खरीदने से लेकर संदीप सिंह के घर, कार्यालय, आने-जाने के रास्ते और गाड़ियों की जानकारी भी आरोपियों को उपलब्ध कराई गई थी.
एसटीएफ ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है, जिसे वारदात के बाद जमीन में गाड़कर छिपा दिया गया था. आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह अंबेडकरनगर, बस्ती, अयोध्या, आजमगढ़ और मुंबई समेत कई स्थानों पर छिपता रहा. साथी संजय की मुठभेड़ में मौत के बाद वह कोर्ट में आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था और इसी सिलसिले में वकील से मिलने लखनऊ आया था, जहां एसटीएफ ने उसे दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी को पीजीआई थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसटीएफ का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.

