Business Desk – Stock Market Closed Bakrid : बकरीद के मौके पर आज गुरुवार 28 मई को भारतीय शेयर बाजार बंद है. वहीं कमोडिटी मार्केट में दोपहर तक कामकाज बंद रहेगा. यहां शाम 5 बजे से ट्रेडिंग शुरू होगी. कल 27 मई को सेंसेक्स 142 अंक की गिरावट के साथ 75,868 पर बंद हुआ. निफ्टी में भी 7 अंकों की गिरावट रही, ये 23,907 पर बंद हुआ. बैंकों के शेयर में गिरावट रही.

एशियाई बाजारों में आज तेज गिरावट देखने को मिली. साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 3.08% गिरकर 7,984 पर बंद हुआ, जिसमें 256 अंकों की गिरावट दर्ज की गई. जापान का निक्केई 1.20% टूटकर 64,309 पर आ गया, जबकि इसमें 683 अंकों की गिरावट रही. वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.29% गिरकर 24,740 पर बंद हुआ और इसमें 588 अंकों की गिरावट दर्ज की गई.

इसके उलट अमेरिकी शेयर बाजार कल बढ़त के साथ बंद हुए. डाउ जोन्स 0.36% की तेजी के साथ 50,644 पर बंद हुआ और इसमें 183 अंकों की बढ़त रही. नैस्डैक 0.07% की मामूली बढ़त के साथ 26,675 पर पहुंचा, जबकि S&P 500 में 0.02% की हल्की बढ़त दर्ज की गई और यह 7,520 पर बंद हुआ.

विदेशी निवेशकों (FII/FPI) ने पिछले 30 दिनों में बाजार से 45,374 करोड़ रुपये की बिकवाली की है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस दौरान 71,654 करोड़ रुपये की खरीदारी की. पिछले 7 दिनों में भी FIIs ने 7,069 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जबकि DIIs ने 15,043 करोड़ रुपये की खरीदारी की.

क्रूड ऑयल 4% महंगा, अमेरिका-ईरान तनाव का असर

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच गुरुवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल करीब 4% महंगा होकर 98 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है. क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतें ग्लोबल मार्केट के लिए काफी अहम हैं क्योंकि महंगे ईंधन से महंगाई, ट्रांसपोर्टेशन लागत और पूरी इकोनॉमी पर सीधा असर पड़ता है. ऐसे में दुनिया भर के निवेशकों की नजरें कच्चे तेल पर टिकी हैं.

कच्चा तेल महंगा होने से शेयर बाजार क्यों गिरता है?

भारत अपनी जरूरत का करीब 80-85% कच्चा तेल बाहर से इम्पोर्ट करता है. जब क्रूड महंगा होता है, तो देश का डॉलर बाहर जाता है जिससे रुपया कमजोर होता है. इसके अलावा कंपनियों की लागत बढ़ती है, जिससे उनका मुनाफा घटता है. मुनाफा घटने की आशंका में निवेशक शेयर बेचने लगते हैं और बाजार में गिरावट आती है.