Business Desk – Share Market Rally : एशियाई बाजारों में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार में भी आज खरीदारी दिखी। सेंसेक्स इंट्रा-डे में 492 अंक चढ़कर 74,787 के स्तर तक पहुंचा, जबकि निफ्टी 50 ने 23,410 का स्तर छुआ। हालांकि, व्यापक बाजार में दबाव है।

निफ्टी मिडकैप 100 व निफ्टी स्मॉलकैप 100 में गिरावट देखी जा रही है। सुबह 11 बजे सेंसेक्स 402.90 अंक यानी 0.54% की बढ़त के साथ 74,697.86 पर और निफ्टी 50 40.40 अंक यानी 0.17% की तेजी के साथ 23,386.80 पर कारोबार कर रहा था।

कच्चे तेल की नरमी से बाजार को सपोर्ट

सऊदी अरब से शिपमेंट में रिकवरी की उम्मीद के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2% से ज्यादा टूटकर करीब 101 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे बाजार की धारणा को सपोर्ट मिला।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी

लगातार सात कारोबारी सत्रों की नेट बिकवाली के बाद शुक्रवार को विदेशी निवेशक यानी FII/FPI नेट बायर्स रहे। उन्होंने 599 करोड़ रुपए के शेयरों की नेट खरीदारी की। घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII भी खरीदार बने रहे और उन्होंने 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर खरीदे।

निचले स्तर पर वैल्यू बाइंग

पिछले कारोबारी हफ्ते निफ्टी और सेंसेक्स लगातार छठे हफ्ते कमजोर हुए। यह करीब छह साल में उनकी सबसे लंबी साप्ताहिक गिरावट रही। लगातार गिरावट के बाद निचले स्तरों पर खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।

फार्मा और FMCG में खरीदारी

आज बाजार को फार्मा और FMCG सेक्टर से भी मजबूत सपोर्ट मिला। दोनों सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स करीब 1% मजबूत हुए। इन सेक्टरों में खरीदारी से प्रमुख इंडेक्स को ऊपर जाने में मदद मिली।

Nifty का Technical Outlook

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, पिछले हफ्ते निफ्टी 23,400 के लक्ष्य के करीब पहुंच चुका है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है।

उनके मुताबिक, अगर निफ्टी 23,280-23,260 का स्तर संभालता है तो यह 23,560 और उससे ऊपर जा सकता है। वहीं, 23,116 का स्तर टूटने पर निफ्टी में 22,600-21,800 तक गिरावट का जोखिम बताया गया है।