Business Desk – Stock Market Today : दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट के बावजूद आज यानी 6 नवंबर को धनतेरस पर भारतीय शेयर बाजार में तेजी है। सेंसेक्स 600 अंक (0.75%) चढ़कर 79,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में करीब 100 अंकों की तेजी है और यह 24,650 के स्तर पर पहुंच गया है।

इससे पहले कल यानी 5 नवंबर को भी बाजार में जोरदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 2,009 अंक चढ़कर 79,310 पर बंद हुआ था। यह इस साल की दूसरी सबसे बड़ी तेजी थी। इससे पहले 8 अप्रैल को सेंसेक्स में 2,946 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी।

शेयर बाजार में लगातार 7वें दिन तेजी

भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार सातवें कारोबारी दिन भी जारी है। 28 अक्टूबर से 6 नवंबर के बीच सेंसेक्स 73,246 से उछलकर 79,400 के पार पहुंच गया है। इस दौरान सेंसेक्स में 8% से ज्यादा की तेजी आई है।

बाजार में इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जैसे कारण हैं।

कोरिया और जापान के बाजार 6% तक टूटे

भारतीय बाजार में तेजी के उलट एशियाई बाजारों में आज बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.20% गिरकर 5,119 पर आ गया। वहीं जापान का निक्केई 6.21% टूटकर 57,434 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 1.06% गिरकर 24,509 पर है।

अमेरिकी बाजार भी करीब 5% तक गिरे

इससे पहले 5 नवंबर को अमेरिकी शेयर बाजार में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। डाउ जोन्स 1,833 अंक यानी 3.44% गिरकर 51,523 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 1,422 अंक (5.52%) की गिरावट रही और यह 24,315 पर आ गया। वहीं S&P 500 भी 335 अंक यानी 4.36% टूटकर 7,354 पर बंद हुआ।

विदेशी निवेशकों ने 7 दिन में खरीदे 32 हजार करोड़ रुपए के शेयर

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) की खरीदारी भारतीय बाजार को मजबूती दे रही है। पिछले 7 कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने 32,210 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी दौरान 18,228 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने 14,975 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की, जबकि घरेलू निवेशकों ने 10,445 करोड़ रुपए की नेट बिकवाली की। पिछले 30 दिनों में भी विदेशी निवेशक 10,315 करोड़ रुपए के नेट खरीदार रहे हैं।

LTCG टैक्स में कटौती की उम्मीद से विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के डॉ. वीके विजयकुमार के मुताबिक, कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे, कच्चे तेल की कम कीमतें और लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) टैक्स में बदलाव की संभावना ने विदेशी निवेशकों का नजरिया बदला है।

ग्लोबल ब्रोकरेज नोमुरा ने भी इन वजहों को विदेशी निवेशकों की वापसी का कारण माना है। LTCG टैक्स में बदलाव की उम्मीद से बाजार में निवेशकों का सेंटिमेंट बेहतर हुआ है।

बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में आगे भी तेजी की उम्मीद

डॉ. वीके विजयकुमार के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की शुरुआती खरीदारी से बड़े यानी लार्जकैप शेयरों में तेजी आई है। उन्हें उम्मीद है कि बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के दिग्गज शेयरों में आगे भी मजबूती देखने को मिल सकती है।

उनका कहना है कि लार्जकैप शेयरों में अभी और शॉर्ट कवरिंग बाकी है। शॉर्ट कवरिंग का मतलब है कि जिन निवेशकों ने शेयरों में गिरावट की उम्मीद में बिकवाली की थी, वे अब शेयर वापस खरीदते हैं। इससे कीमतों को सपोर्ट मिलता है।

हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि बाजार के ऊपरी स्तरों पर पहुंचने के बाद घरेलू निवेशक मुनाफावसूली कर सकते हैं। ऐसे में बाजार में कुछ गिरावट या बिकवाली देखने को मिल सकती है।