Business Desk – Stock Market Today : घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को कमजोरी देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटकर 77,600 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. वहीं निफ्टी भी करीब 150 अंक की गिरावट के साथ 24,250 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार में सबसे ज्यादा बिकवाली एनर्जी, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांक दबाव में रहे.

किन सेक्टर्स पर सबसे ज्यादा दबाव?
आज के कारोबार में निवेशकों ने एनर्जी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली की. इन सेक्टर्स में कमजोरी के चलते बाजार का सेंटीमेंट भी नकारात्मक बना रहा. वहीं चुनिंदा शेयरों में खरीदारी जरूर देखने को मिली, लेकिन वह बाजार को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं रही.
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.10 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा. जापान का निक्केई 0.73 फीसदी कमजोर रहा. हालांकि हांगकांग का हैंगसेंग 2.19 फीसदी की मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया, जिससे एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला.
अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए थे. डाउ जोंस 131 अंक (0.25 फीसदी) गिरा, जबकि नैस्डैक 302 अंक (1.16 फीसदी) टूट गया. वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 34 अंक (0.45 फीसदी) की गिरावट के साथ बंद हुआ. अमेरिकी बाजार की कमजोरी का असर मंगलवार को भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला.
FII ने की खरीदारी, DII ने की बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने सोमवार को 393 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 384 करोड़ रुपए के शेयर बेचे. पिछले 7 दिनों में FII की शुद्ध खरीदारी 1,680 करोड़ रुपए रही है, जबकि पिछले 30 दिनों में वे अब भी 11,819 करोड़ रुपए के शुद्ध विक्रेता बने हुए हैं. दूसरी ओर DII ने पिछले 30 दिनों में 53,100 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है.
एक दिन पहले भी गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले 7 जुलाई को भी शेयर बाजार कमजोरी के साथ बंद हुआ था. सेंसेक्स 104 अंक गिरकर 78,181 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 32 अंक टूटकर 24,399 के स्तर पर बंद हुआ था. लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट से निवेशकों की सतर्कता बढ़ गई है.

