Business Desk – Stock Market Today : शेयर बाजार में आज यानी 2 सितंबर को तेज गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटकर 76,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में करीब 200 अंकों की गिरावट है और यह 23,850 के आसपास कारोबार कर रहा है। बाजार में ऑटो, IT, मीडिया और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में ज्यादा बिकवाली नजर आ रही है।

दीपा ज्वेलर्स IPO का आज दूसरा दिन है। निवेशक इस इश्यू में 3 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। IPO में निवेश के लिए न्यूनतम 14,868 रुपए लगाने होंगे। कंपनी IPO के जरिए करीब 459.72 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।

Asian Market में भी दबाव

आज ज्यादातर प्रमुख एशियाई बाजारों में गिरावट देखने को मिल रही है। कोस्पी में 3.16%, निक्केई में 2.63% और हैंगसेंग में 1.05% की गिरावट दर्ज की गई है। कमजोर ग्लोबल संकेतों का असर भारतीय बाजार की शुरुआत और कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है।

अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए

इससे पहले 1 सितंबर को अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट रही। डाउ जोन्स 419 अंक यानी 0.79% गिरकर 52,767 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 271 अंक यानी 1.03% की गिरावट रही और यह 26,100 पर बंद हुआ। S&P 500 भी 55 अंक यानी 0.71% गिरकर 7,631 पर बंद हुआ।

DII ने 7 दिन में 14,750 करोड़ रुपए लगाए

घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं। पिछले 7 दिनों में DII ने 14,750 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। पिछले 30 दिनों में उनकी खरीदारी 56,697 करोड़ रुपए रही है। इसके उलट विदेशी निवेशक यानी FII/FPI लगातार बिकवाली कर रहे हैं। पिछले 7 दिनों में उन्होंने 13,324 करोड़ रुपए की निकासी की है। बीते 30 दिनों में FII/FPI की कुल बिकवाली 8,454 करोड़ रुपए रही है।

कल भी बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था

इससे पहले 1 सितंबर को सेंसेक्स 13 अंक गिरकर 76,944 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 25 अंक टूटकर 24,056 के स्तर पर बंद हुआ। यानी मंगलवार की मामूली गिरावट के बाद बुधवार को बाजार में दबाव बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।