Business Desk – Share Market Update : आज यानी बुधावर, 24 जून को सेंसेक्स 750 अंक की तेजी के साथ 76,950 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में भी करीब 200 अंक की तेजी, ये 24,000 के स्तर पर पहुंच गया है. फार्मा और IT शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है. टेक महिंद्रा, इंफोसिस, पावर ग्रिड और ICICI बैंक के शेयर 3% तक चढ़े हैं.

एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
मंगलवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 33 अंक यानी 1.10% की गिरावट के साथ 8081 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. जापान का निक्केई इंडेक्स भी 265 अंक फिसलकर 69524 पर पहुंच गया, जिसमें 0.38% की कमजोरी दर्ज की गई.
वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 44 अंक की बढ़त के साथ 23380 पर कारोबार करता नजर आया. इससे संकेत मिल रहे हैं कि वैश्विक बाजारों में निवेशक अभी भी सतर्क रुख अपनाए हुए हैं.
अमेरिकी बाजारों में रही दबाव की स्थिति
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए. डाउ जोन्स इंडेक्स 46 अंक टूटकर 51667 पर बंद हुआ, जबकि टेक्नोलॉजी शेयरों से जुड़ा नैस्डैक 580 अंक यानी 2.21% की बड़ी गिरावट के साथ 25587 के स्तर पर आ गया. वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स में भी 107 अंकों की कमजोरी रही और यह 7365 पर बंद हुआ. अमेरिकी बाजारों में आई इस गिरावट का असर वैश्विक निवेशकों के सेंटिमेंट पर भी दिखाई दे रहा है.
विदेशी निवेशकों ने की खरीदारी
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों (FII/FPI) ने सोमवार को 18 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की. हालांकि पिछले 7 दिनों में विदेशी निवेशकों ने 3,216 करोड़ रुपए की निकासी की है और पिछले 30 दिनों में उनका कुल निवेश प्रवाह 68,219 करोड़ रुपए निगेटिव रहा है.
घरेलू निवेशकों का भरोसा बरकरार
घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) लगातार बाजार को सहारा देते नजर आ रहे हैं. सोमवार को DIIs ने 680 करोड़ रुपए की खरीदारी की. वहीं पिछले 7 दिनों में उन्होंने 4,073 करोड़ रुपए और पिछले 30 दिनों में 88,718 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है. इससे साफ है कि घरेलू निवेशकों का भारतीय बाजार पर भरोसा अभी भी मजबूत बना हुआ है.
अडाणी ग्रुप भविष्य के लिए खुद को तैयार कर रहा
अडाणी ग्रुप की सालाना जनरल मीटिंग (AGM) 2026 में चेयरमैन गौतम अडाणी ने तीन बड़ी योजनाओं के बारे में बताया. इनका मकसद ग्रुप के काम को मजबूत करना, एफिशिएंसी (काम करने की क्षमता) को सुधारना और कर्मचारियों की भलाई को बढ़ावा देना है.
अडाणी ने कहा कि ग्रुप सिर्फ आर्थिक और तकनीकी बदलावों पर नजर नहीं रख रहा, बल्कि भविष्य के लिए खुद को तैयार कर रहा है. उन्होंने कहा कि हम अब उन चुनिंदा ग्लोबल कंपनियों में से एक हैं, जो सिर्फ भविष्य का इंतजार नहीं कर रहीं, बल्कि उसके लिए पूरी तरह तैयार हैं.
कल सेंसेक्स 893 अंक गिरकर बंद हुआ था
सेंसेक्स मंगलवार, 23 जून को 893 अंक की गिरावट के साथ 76,200 के स्तर पर बंद हुआ. निफ्टी में भी 278 अंक की गिरावट रही, ये 23,824 पर बंद हुआ था.

